Maihar Sharada Mata Mandir: इस मंदिर के रहस्य कर देंगे हैरान, मंदिर खुलने से पहले न जाने कौन करता है पूजा?

शारदा माता मंदिर मैहरः यह मंदिर सतना जिले के मैहर तहसील में त्रिकूट पर्वत पर 600 फीट ऊंचाई पर स्थित है। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्त को 1001 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। मैहर का अर्थ मां का हार से लिया जाता है। यह मंदिर एक शक्तिपीठ है। मान्यता है कि जब शिव के हाथ में पड़े सती के शव को भगवान विष्णु ने सुदर्शन से काटा तो उसके हिस्से और आभूषण अलग-अलग जगहों पर गिरे, जो बाद में शक्तिपीठ बने। मैहर में माता का हार गिरने से इस जगह को मैहर कहा जाता है।


मान्यता है कि आल्हा ने यहां 12 वर्ष तपस्या की थी और आल्हा ऊदल भाइयों ने ही इस मंदिर की खोज की थी। वे यहां की माता को माई कहकर पुकारते थे। इसलिए यहां की माता को शारदा माई कहा जाने लगा। एक अन्य मान्यता के अनुसार यहां आदिशंकराचार्य ने यहां सर्वप्रथम पूजा की थी और यहां 559 वि. में मूर्ति स्थापना की गई।


किंवदंतीः मंदिर को लेकर तरह-तरह की किंवदंतियां लोगों में प्रचलित हैं। मान्यता है कि शाम की आरती के बाद जब पुजारी मंदिर के द्वार बंद कर लौट जाते हैं तो मंदिर के अंदर से घंटी और पूजा करने की आवाज आती है। लोगों का मानना है कि यह पूजा सैकड़ों वर्षों पहले रहे इलाके की एक रियासत के योद्धा आल्हा करते हैं। अक्सर सुबह की आरती भी वे ही करते हैं।

ये भी पढ़ेंः Skand Shashthi 2023: ये हैं भगवान कार्तिकेय के प्रमुख मंदिर, खूबसूरती के लिए दुनिया में मशहूर


मंदिर के एक पुजारी का कहना है कि मंदिर में मां का पहला श्रृंगार आल्हा करते हैं। जब ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के द्वार खोले जाते हैं तो यहां पूजा हुई मिलती है। उनका कहना है इस रहस्य का पता लगाने वैज्ञानिकों की टीम भी पहुंची थी, लेकिन वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।


आल्हा के बारे में जानेंः दरअसल, बुंदेलखंड के महोबा में एक परमार रियासत थी, आल्हा और ऊदल नाम के दो भाई इनके सामंत थे। ये दोनों वीर और प्रतापी योद्धा थे। कालिंजर के परमार राजा के राज्य में एक कवि थे जगनिक, इन्होंने आल्हा खंड नाम का काव्य लिखा था। इसमें दोनों भाइयों की वीरता की 52 कहानियां लिखी गईं हैं। इसके अनुसार इन्होंने आखिरी लड़ाई पृथ्वीराज चौहान के खिलाफ लड़ी थी। कहा जाता है कि इस लड़ाई में पृथ्वीराज हार गए थे, लेकिन गुरु गोरखनाथ के आदेश पर इन्होंने पृथ्वीराज को जीवनदान दे दिया। इसके बाद इन्हें वैराग्य हो गया और इन्होंने संन्यास ले लिया।


मंदिर क्यों सुर्खियों मेंः भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने 24 फरवरी 2023 को इस मंदिर में पूजा अर्चना की। इसलिए यह मंदिर एक बार फिर सुर्खियों में है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/mkas4NH
Previous
Next Post »