वास्तु से जुड़ी इस चीज़ का सपने में दिखना माना जाता है शुभ, देता है आर्थिक सफलता का संकेत

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सपनों का अपना अलग महत्व होता है। व्यक्ति के सपने उसे भविष्य में होने वाली घटनाओं का संकेत देते हैं। हमारे सपने हमें एक तरह से बताते हैं की हमारे साथ अच्छा होने वाला है या बुरा। सपने अपने अर्थ के अनुसार शुभ फल और अशुभ फल प्रदान करते हैं। आजकल लोग सपनों का भविष्य से कोई संबंध नहीं मानते लेकिन पुराने समय में इन बातों को काफी महत्व दिया जाता था। खासकर ब्रह्म मुहूर्त में देखे गए सपने सबसे सटीक माने जाते हैं। कहा जाता है की इस समय व्यक्ति गहरी नींद में होता है और इस समयावधि में देखे गए सपनों का संकेत सही होता है। सपनों की दुनिया काफी सूक्ष्म मानी जाती है। सपने देखने के क्रम में ऐसे स्थान या दृश्य दिखाई देते हैं, जिसे हमने अपने दैनिक जीवन में नहीं देखा हो। इस प्रकार के आधार पर हम अपने जीवन में घटित होने वाली घटनाओं का आंकलन कर सकते हैं। आइए जानते हैं वास्तु से संबंधित वस्तुओं या स्थान का स्वप्न देखना शुभ होता है या अशुभ...

dream

1. यदि आप सपने में नया मकान देखते हैं, तो इसका अर्थ है कि आपका अपने पेशे में जल्द ही परिवर्तन होने वाला है। वहीं यदि आप उजाड़, भग्न या टूटे-‍फूटे मकान देखते हैं तो इसका अर्थ आपको व्यवसाय में हानि, स्वास्थ्य में गिरावट या प्यार में धोखा जैसे संकेत देता है। सपने में यदि आप कोई बहुमंजिला इमारत देखना जीवन में वैभव तथा संपन्नता को दर्शाता है।

2. यदि आप अपने सपने में किसी नए शहर में प्रवेश कर रहे हों तो इसका अर्थ आपको इस चीज़ का संकेत देता है कि आपकी आकांक्षाएं जल्द ही पूरी होने वाली हैं। सपने में जलते हुए शहर का दिखना भविष्य में दरिद्रता दे सकता है। इसी प्रकार सपने में किसी प्रवेश द्वार का दिखना यह बताता है कि अनजाने में जिस व्यक्ति से आप डर रहे हैं, वह आपको किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाएगा।

3. यदि किसी व्यक्ति को सपने में बचपन या पैतृक घर का दरवाजा दिखता है तो इसका मतलब है की उसको आने वाले दिनों में खुशियां मिलने वाली है और गृहस्थ जीवन खुशहाल होने के संकेत देता है। यदि आप कोई ऐसा द्वार देखते हैं जिसमें भीड़ के साथ आप भी प्रवेश कर रहे हैं, तो यह संकेत मिलता है कि किसी काम को लेकर आपके द्वारा किए गए कार्य में सफलता संदिग्ध है।

4. अगर आप सपने में बंद दरवाजे वाला घर देखते हैं तो यह आपके व्यवसाय में कठिन समस्याएं आने का संकेत है। सपने में दरवाजा बंद करते समय अगर कुंडी टूटती हुई दिखाई दे और आपको उससे चोट भी लगे तो आप अपने मित्र की सलाह मानकर जो काम करेंगे उसमें आपको हानि उठाना पड़ सकती है। यह अलग बात है कि आपके मित्र ऐसा नहीं चाहते हों।

5. सपने में अस्पताल और प्रयोगशाला देखना अशुभ माना जाता है। इसे खतरे तथा स्वास्‍थ्य संबंधी गड़बड़ी का द्योतक माना जाता है। ऐसा होने पर व्यवसाय के प्रति भी सावधान रहने की जरूरत है। इसके ठीक उलट सपने में काम करते मजदूर का दिखना व्यवसाय में संपन्नता लाता है। सपने में सीढ़ियां चढ़ना तो अच्छा माना जाता है, मगर सीढ़ियां उतरना भविष्य की परे‍शानियों को इंगित करता है।

6. सपने में यदि आप दरवाजे में ताला लगा रहे हों और कुंडी टूट जाए तो यह आपके किसी मित्र की असफलता की ***** है जिसकी चाहकर भी आप कोई मदद नहीं कर पाएंगे। सपने में यदि आप दरवाजे की घंटी की आवाज सुनते हैं तो आपके व्यवसाय में शीघ्र ही लाभ मिलने के आसार हैं। ऐसा भी हो सकता है कि आपके कार्यक्षेत्र में उन्नति हो। सपने में घर की बालकनी दिखना अशुभ होता है। इसी प्रकार सपने में यदि आप मकान बनवा रहे हों तो यह भाग्यवर्धक माना जाता है।

7. ऐसा भी हो सकता है कि निकट भविष्य में आप विदेश यात्रा या लंबी यात्रा पर जाएं और वह यात्रा आपके लिए बेहद लाभदायक हो। यदि सपने में आप फैक्टरी या दुकानों की कतारें देखते हैं तो इसका अर्थ यह हुआ कि आप किसी नए व्यवसाय में संलग्न हो सकते हैं।

8. सपने में अगर आप मकानों की कतारें देखते हैं तो आपकी संपन्नता में वृद्धि हो सकती है और आप अपनी स्थिति से संतुष्ट हो सकते हैं। इस क्रम में यदि आप बहुमंजिला इमारतों की कतारें देखते हैं तो आपको सावधान रहना चाहिए, क्योंकि यह संकेत दे रहा है कि आपने शायद ऐसी आकांक्षाएं पाल रखी हैं, जो पूरी नहीं हो सकतीं।

9. सपने में काम करते हुए बढ़ई का दिखना यह सूचित करता है कि आपकी परेशानियां बस खत्म ही होने वाली हैं और आपको आर्थिक लाभ मिल सकता है। सपने में यदि आपको कैबिनेट दिखे तो आपको सावधान हो जाना चाहिए, क्योंकि आपके साथ विश्वासघात हो सकता है।

10. सपने में सोने का कमरा दिखना अच्छा माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि ऐसा सपना देखने से स्थितियों में बदलाव आता है। सपने में सीमेंट का दिखना आपके जीवन में महत्वपूर्ण घटनाएं होने का संकेत है जबकि सपने में छत का दिखना आपके मित्र द्वारा आपको परेशान किए जाने का द्योतक है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OVIgUG
Previous
Next Post »